महाकुंभ की विधिवत शुरुआत से पहले ही महाकुंभ नगर में स्थापित सेंट्रल हॉस्पिटल ने अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को लगातार दूसरे दिन हॉस्पिटल में एक महिला की डिलीवरी संपन्न कराई गई। खास बात ये है कि महिला ने कन्या को जन्म दिया है जो महाकुंभ में हॉस्पिटल में जन्मीं पहली बेबी गर्ल है। इसीलिए हॉस्पिटल और परिजनों की सहमति से इसका नाम गंगा रखा गया है। इस बेबी गर्ल का जन्म डॉ. गौरव दुबे के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने कुशलतापूर्वक संपन्न कराया। इससे पहले रविवार को डॉक्टर दुबे की टीम ने महाकुम्भ में पहले बेबी बॉय की डिलीवरी कराई, जिसे कुंभ नाम दिया गया था।
बांदा से आई महिला ने दिया लड़की को जन्म, नाम पड़ा गंगा
महाकुंभ नगर के सेंट्रल हॉस्पिटल में नोडल चिकित्सा स्थापना डॉ गौरव दुबे ने बताया कि सेंट्रल हॉस्पिटल में सोमवार को पहली कन्या ने जन्म लिया है। डॉ गौरव के साथ डॉ प्रमिला और डॉ पोंशी की टीम ने अपराह्न 12 बजकर 08 मिनट पर कन्या की सकुशल डिलीवरी संपन्न कराई। उन्होंने बताया कि बांदा जिले की निवासी शिवकुमारी और राजेल महाकुम्भ में जन्मी कन्या को मां गंगा का आशीर्वाद मान रहे हैं। इसी वजह से कन्या का नाम भी गंगा रखा गया है। डॉक्टर गौरव दुबे के अनुसार कन्या का वजन 2.8 किलो नापा गया है। उन्होंने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और अस्पताल में दोनों की अच्छे से देखभाल की जा रही है। इससे पहले, रविवार सायं अस्पताल में बालक का भी जन्म हुआ था जो महाकुम्भ में पहली डिलीवरी थी।
सेंट्रल अस्पताल में लेबर रूम से लेकर आईसीयू तक की व्यवस्था
महाकुंभ में करोड़ों लोगों की आमद को देखते हुए योगी सरकार ने यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर खास प्रबंध किए हैं। मेला क्षेत्र में परेड स्थित सेंट्रल अस्पताल में 100 बेड का सेंट्रल अस्पताल निर्मित हो गया है और कई दिनों से क्रियाशील है।